संतकबीरनगर। जिले में चल रही यूपी बोर्ड की परीक्षा में सामूहिक नकल पकड़ी गई है। डीआईओएस ने सोमवार को द्वितीय पाली में एएच इंटर काॅलेज पैड़ी का निरीक्षण किया था। जहां सामूहिक नकल मिलने पर वहां के केंद्र व्यवस्थापक और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया है। उनकी जगह नए केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की है। डीआईओएस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने सोमवार की शाम को द्वितीय पाली में 4:45 बजे एएच इंटर कॉलेज पैड़ी का निरीक्षण किया। शाम की पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल कराई जा रही थी। वहां मौजूद शिक्षकों के जरिये बोलकर उत्तर लिखवाए जा रहे थे। इस पर डीआईओएस ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापक से पूछताछ की तो कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाए।
डीआईओएस ने एक-एक कर शिक्षकों से पूछताछ की। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र पर अन्य अनियमितताएं मिलीं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य रिजवान अहमद और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक रईस अहमद को हटा दिया है। इसके साथ ही राजकीय हाईस्कूल साल्हेपुर के प्रधानाचार्य रणजीत कुमार चौरसिया को केंद्र व्यवस्थापक, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बौरव्यास के प्रधानाचार्य अवधराज कन्नौजिया को वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और एएच इंटर कॉलेज पैड़ी के प्रवक्ता इरसार अहमद को सह केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। यह लोग अब बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराएंगे।
000000000000
परीक्षा केंद्र एएच इंटर कॉलेज पैड़ी का सोमवार को 4:45 बजे निरीक्षण किया गया तो वहां सामूहिक नकल पाई गई। बोल कर लिखवाया जा रहा था। वहां के केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को हटा कर दूसरे की तैनाती कर दी गई।
-हरीशचंद नाथ, डीआईओएस