धनघटा। थाना क्षेत्र के दुलमपुर गांव निवासी अर्चना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर खिलाने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई है।
जानकारी के अनुसार दुलमपुर निवासी राजकुमार और उनकी पत्नी चनरा की चार बेटियों में सबसे छोटी बेटी अर्चना की शादी वर्ष 2025 में धनघटा थाना क्षेत्र के बकैनिया पकड़ी गांव में हुई थी। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में धनघटा थाने पर समझौता कराया गया था।
विज्ञापन
मृतका की मां चनरा का आरोप है कि शनिवार को अर्चना को ससुराल पक्ष ने जहर खिला दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी स्थिति नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। वहां शनिवार शाम करीब सात बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।