संतकबीरनगर। प्रेमी-प्रेमिका की शादी को जब घरवाले राजी नहीं हुए तो दोनों शुक्रवार को महिला थाने पर पहुंच गए। दोनों ने महिला थाने की एसओ डॉक्टर शालिनी सिंह को अपनी पीड़ा सुनाई और शादी कर साथ जीने की बात कही। दोनों की बात सुनकर एसओ ने युवक के परिजनों को थाने बुलाकर समझाया। युवक के परिजन शादी पर रजामंद हो गए। उसके बाद एसओ ने थाना परिसर में ही दोनों की शादी कराई।
महिला थाने की एसओ ने बताया कि कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के गोडही गांव के रहने वाले अरिवंद चौरसिया(24) पुत्र रामाज्ञा चौरसिया और गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के जिगिना बाबू गांव निवासी सरिता(22) पुत्री गौरीशंकर शुक्रवार को थाने पर आए। दोनों ने बताया कि वे एक ही जाति- बिरादरी के है। दोनों शादी करना चाहते है,लेकिन उनके परिजन सामाजिक लोक लाज की वजह से सहमत नहीं हो रहे है। महिला थाने की एसओ ने उनकी समस्या गंभीरता से सुनी और बाद में लड़के पक्ष के लोगों को सूचना देकर थाने बुलाया। युवक के परिजन थाने आए और एसओ ने समझा बुझाया तो वे युवती को बहू बनाने पर तैयार हो गए। महिला थाना परिसर में ही दोनों ने एक-दूसरे को माला पहना कर शादी की। दोनोंने एक - दूसरे का जीवन भर साथ निभाने का भरोसा देकर खुशी- खुशी अपने घर चले गए। महिला थाने की एसओ के इस सराहनीय पहल की सभी ने प्रशंसा की।