जिला अस्पताल स्थित एमसीएच विंग।
- फोटो : KHALILABAD
प्रदेश के नोएडा में मंकीपॉक्स के तीन संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संतकबीरनगर जिले में सतर्कता बढ़ा दी है। जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में 10 बेड आरक्षित किए हैं। आशा कार्यकर्ताओं को उनके क्षेत्र में बाहर से आने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मंकी पॉक्स से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। यदि जिले में मंकी पॉक्स का संदिग्ध मरीज आता है तो उसके नमूने लेने की तैयारी की गई है। उसे जांच के लिए केजीएमसी लखनऊ भेजा जाएगा।
सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी ने बताया कि मंकीपॉक्स से निपटने की तैयारी पूरी हो गई है। एमसीएच विंग में प्रथम तल पर 10 बेड मंकीपॉक्स मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि लोग सावधानी बरतें और मास्क जरूर लगाएं। सामाजिक दूरी का भी पालन करें।
मंकीपॉक्स के लक्षण
मंकीपॉक्स से संक्रमित व्यक्ति को कई परेशानियां हो सकती हैं। आंख में दर्द या धुंधला दिखना, सांस लेने में कठिनाई, सीने में दर्द, पेशाब में कमी, बार-बार बेहोश होना और दौरे पड़ना आदि शामिल हैं।