संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें फसलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रबंध किए जाने के निर्देश दिए गए।
किसान दिवस में उद्यान विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा जायद में आपूर्ति बीजों के संबंध में अवगत कराया गया। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष गेहूं खरीद मूल्य में सरकार द्वारा बढ़ोतरी की गई है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है जो गत वर्ष की अपेक्षा 150 रुपये अधिक है। किसान दिवस में किसानों ने गेहूं की फसल में आग लगने की घटनाओं की रोकथाम की मांग की गई।
इस पर डीएम ने बताया कि जिले में पर्याप्त संख्या में फायर ब्रिगेड उपलब्ध है। किसान 112 एवं 101 टोल फ्री नंबर पर सूचना कर सकते हैं। इसके लिए विस्तृत तैयारी भी की जा रही। किसान स्वयं भी अपनी ओर से आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए पहल करें। किसानों ने जनपद में धान एवं गेहूं के अतिरिक्त अन्य फसलों को भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत आच्छादित किए जाने की मांग की।