मेंहदावल। प्रयागराज में होने वाले कुंभ मेला को लेकर परिवहन निगम ने विशेष तैयारी की है। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, समाज सेवक, जनप्रतिनिधि कोई भी कुंभ में जाने के लिए 50 सवारियों की व्यवस्था करते हैं, तो वह बस उनके लिए बुक कर दी जाएगी।
मेंहदावल से समेत पूरे जिलों से 150 बसे महाकुंभ में जाएंगी। मेले में जाने वाली सभी बसों को दुरुस्त किया जा रहा है। 25 जनवरी से सात फरवरी तक रोडवेज की बसें चलेंगी। प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ में कबीर की नगरी से भी हजारों श्रद्धालु जाएंगे। परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिले में 150 बसों की व्यवस्था की है। सबसे अधिक बसें मेंहदावल से जाएंगी, श्रद्धालुओं को प्रयागराज ले जाने और लाने के लिए 60 बसें संचालित की जाएंगी। पूरी बस बुक कराने पर दो यात्रियों का किराया नहीं लिया जाएगा।
सभी बस भगवा रंग की होंगी और लोग भजन सुनते हुए यात्रा करेंगे। चालक-परिचालक भी यूनिफार्म में होंगे और लोगों से मधुर व्यवहार करेंगे। इस पहल से यात्री बिना समस्या के महाकुंभ में स्नान करने जा सकेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा लाभ : प्रधान, ग्राम सचिव या कोई भी व्यक्ति बस बुक करा सकेगा। बस यात्रियों को एक स्थान से ले जाएगी और उसी स्थान पर लाकर छोड़ेगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं को मिलेगा। ि