संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में सोमवार को परीक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में महाविद्यालय में मंगलवार से प्रारंभ हो रही बीए एलएलबी एवं एलएलबी की परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। यह परीक्षाएं मंगलवार को नोडल परीक्षा केंद्र एचआरपीजी काॅलेज पर संपन्न होंगी ।
प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की बीए एलएलबी एवं एलएलबी परीक्षा का नोडल केंद्र काॅलेज को बनाया गया हैं। यहां मंगलवार से करीब एक हजार बच्चों की सेमेस्टर परीक्षाएं सम्पन्न होंगी। महाविद्यालय नकल विहीन एवं सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
परीक्षा के दौरान मोबाइल, स्मार्टवाच एवं किसी भी तरह की इलेक्ट्रिक डिवाइस का महाविद्यालय परिसर में प्रवेश वर्जित रहेगा। महाविद्यालय के मुख्यद्वार पर सघन चेकिंग के लिए महाविद्यालय के नियंता मंडल की टीम गठित की गई है। परीक्षा के दौरान परीक्षा हाल में आंतरिक सचल दल की ओर सघन चेकिंग की जाएगी। परीक्षा के दौरान महाविद्यालय प्रांगण में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा।
इस अवसर पर प्रो. प्रताप विजय कुमार, प्रो. राजेश चंद्र मिश्र, प्रो. विजय राय, डॉ. मनोज मिश्र, डॉ. मनोज वर्मा आदि शिक्षक व सदस्य उपस्थित रहे।्