सेमरियावां। विद्युत लाइनों पर काम करते समय हादसों की रोकथाम के लिए पाॅवर काॅरपोरेशन ने वोल्टेज डिटेक्टर को अनिवार्य कर दिया है। सभी 11 केवी व 33 केवी लाइनों और खंभों पर फाल्ट ठीक करने और लाइनों को जोड़ते समय लाइनमैनों को वोल्टेज डिटेक्टर लगी कैप पहननी होगी।
लाइन पर काम करते समय इसमें करंट आते ही वोल्टेज डिटेक्टर बीप की आवाज करेगा। इससे शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट आने से होने वाले हादसों को रोका जा सकेगा।
विद्युत वितरण खंड मेंहदावल अंतर्गत मेंहदावल ग्रामीण, मेंहदावल तहसील, बखिरा, पचपोखरी, कुसहरा, करमाखान, बौर व्यास समेत सात विद्युत उपकेंद्रों के बिजली कर्मियों की सुरक्षा के लिए वोल्टेज डिटेक्टर को अनिवार्य कर दिया गया है। सेमरियावां ब्लाॅक के बिजली उपकेंद्र करमाखान के पांच फीडर जिसमें सेमरियावां, दरियाबाद, हटवा बाजार, महुआरी, केशवापुर शामिल हैं। इन पांचों फीडरों से लगभग 130 गांव मजरों में बिजली सप्लाई की जाती है। इन गांवों में बिजली सप्लाई समस्या ठीक करने के लिए 13 लाइनमैन की तैनाती की गई है।
लाइन टूटने, फाल्ट होने समेत मेंटेनेंस संबंधी अन्य कार्य करते समय कर्मचारियों को वोल्टेज डिटेक्टर लगी कैप पहननी होगी।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक वोल्टेज डिटेक्टर बिजली लाइनों में करंट की मौजूदगी को दूर से ही पहचान लेता है। लाइन में करंट होने पर इसके संपर्क में आते ही कैप में लगा वोल्टेज डिटेक्टर करीब एक फिट दूर से ही करंट को सेंस कर लेता है और तेज बीप की आवाज के साथ लाइनमैनों को सतर्क कर देता है। इसे पेन की तरह जेब में भी आसानी से रखा जा सकता है। 11 केवी व 33 केवी लाइनों समेत एलटी लाइनों पर काम करते समय भी कर्मचारियों के साथ इसका होना जरूरी है ताकि लाइन में करंट की मौजूदगी का पता लगाकर हादसे को टाला जा सके।
निगम स्तर से कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी उपकेंद्रों पर वोल्टेज डिटेक्टर के अलावा सेफ्टी किट और टूल किट भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे विद्युत कर्मियों को काम के दौरान होने वाले हादसों से बचाया जा सकेगा।
000000
कर्मचारियों को वोल्टेज डिटेक्टर लगी कैप के अलावा सेफ्टी किट और टूल किट उपलब्ध कराई गई हैं। फाल्ट व अन्य बिजली काम करते समय लाइनमैन को वोल्टेज डिटेक्टर कैंप पहनना जरूरी है। कर्मचारियों को विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
-इंद्रेश कुमार गुप्ता, अवर अभियंता, विद्युत उपकेंद्र, करमाखान