बघौली ब्लाक परिसर में लगी हुई पानी पिलाने की टोटियां ही गायब हैं
तिघरा। बघौली ब्लॉक मुख्यालय पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। पीने के साफ पानी और स्वच्छता के अभाव ने स्थानीय लोगों और यहां आने वालों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्य गेट पर लगाई गई टोंटी खराब हो चुकी है। परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास कूड़े के ढेर जमा हैं, जो सफाई व्यवस्था की नाकामी को उजागर कर रहे हैं। यहां लगे इंडिया मार्क हैंडपंप तो मौजूद हैं, लेकिन इनसे निकलने वाला पानी पीने योग्य नहीं है।
परिसर में लगा वाटर कूलर भी महज दिखावा बनकर रह गया है। यह न तो ठंडा पानी नहीं देता है। विकासखंड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से लोग रोजाना परिवार रजिस्टर, जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज बनवाने आते हैं, लेकिन प्यास लगने पर उनके पास बोतलबंद पानी खरीदने के सिवा कोई चारा नहीं है। स्थानीय निवासी महंथ भारती, सोनू गौड़, रामपृत और जवाहर ने विकास की बातें तो खूब होती हैं, लेकिन पीने का साफ पानी तक नसीब नहीं है। सफाई व्यवस्था तक ठीक नहीं है। फिर भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है। प्रशासन से बार-बार शिकायत की, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।