संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर बाजार में अंडा खाने का रेट पूछने पर विवाद हो गया। आरोप है कि दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवक की पिटाई और हंगामे के कारण अगल-बगल की कई दुकानें बंद हो गईं। खून से लथपथ युवक भागते हुए पुलिस चौकी के अंदर घुस गया। इस दौरान आरोपी भाग गए।
हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
धनघटा थाना क्षेत्र के नटवार गांव निवासी श्रवण कुमार बेलदार के अनुसार, 10 अक्तूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह मजदूरी करके अजय, हरिश्चंद्र, नागेंद्र, रविंद्र और गिरजेश के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में काली जगदीशपुर बाजार में अंडे की दुकान पर रेट पूछने को लेकर दुकानदार इमरान से विवाद हो गया।
श्रवण का आरोप है कि रेट को लेकर विरोध करने पर दुकानदार ने अमन चौधरी, अरविंद, मनीष, श्यामदेव समेत करीब 10 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया। उसके सीने पर धारदार हथियार से वार कर जान से मारने की कोशिश की गई। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं। हमले के दौरान शोर मचाते हुए पीड़ित और उसके साथी चौराहे की ओर भागे। आरोप है कि हमलावरों के भय से बाजार के दुकानदार भी दुकानें बंद करने लगे।
इसके बाद श्रवण और उसके साथियों ने पुलिस चौकी परिसर में पहुंचकर जान बचाई। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। हमले में उसे कई गंभीर चोटें आई हैं। एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।