महुली। कुशहवा से हरदी जाने वाले मार्ग पर कुशहवा से चेरापुर तक के मार्ग के निर्माण के लिए धर्मार्थ कार्य योजना के तहत 4.44 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। ठेकेदार ने इस मार्ग को तोड़कर बड़े-बड़े बोल्डर उसी तरह से छोड़ दिए। स्थिति यह है कि लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धनघटा क्षेत्र के विधायक गणेश चंद्र चौहान के प्रयासों से धर्मार्थ कार्य योजना के तहत जिले के धनघटा विधानसभा क्षेत्र में कुशहवा-हरदी मार्ग का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए 4.44 करोड़ रुपये स्वीकृत भी हो चुके हैं। यही नहीं 3.55 करोड़ रुपये अवमुक्त भी हो गए। ठेकेदार ने मार्ग के निर्माण के लिए सड़क को बुलडोजर से तोड़वा दिया। लोगों को लगा कि ठेकेदार को टेंडर मिल गया है और बनवाने के लिए सड़क तोड़ी जा रही है।
लेकिन सड़क को खोदने के बाद ठेकेदार फिर नजर ही नहीं आया। स्थिति यह है कि इस क्षेत्र की 20 हजार जनता प्रभावित हो रही है। परसादीपुर, हरदी, बंधूपुर, मुरादपुर, कटहलवा, कमोखर, पकवा बाजार समेत अन्य गांवों की जनता को आने जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
छह किलोमीटर की अतिरिक्त यात्रा कर रहे लोग
इस सड़क के टूटने से यहां के लोगों को छह किलोमीटर की अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ रही है। कुशहवा जाने के लिए लोगों को कटलहवा से हरपुर चौराहा जाना पड़ रहा है, वहां से कुशहवा आना पड़ता है। इससे लोगों को समय भी नुकसान होता है।
-
लोग बोले-
कुशहवा से हरदी की तरफ जाने के लिए यह सड़क बहुत ही अच्छी थी। इसी से होकर आते-जाते थे, लेकिन इसके बड़े-बड़े बोल्डर उखाड़ दिए गए हैं। जिससे काफी परेशानी होती है।
-मदनलाल निषाद, कुशहवा
पकवा बाजार में अपनी रिश्तेदारी में कई बार आना जाना पड़ा। इस दौरान बोल्डर लगने से बाइक पंचर हो गई। पंचर बाइक को दुकान तक पहुंचाने और बनवाने में धन और समय दोनों खर्च हुआ।
-राधेश्याम शर्मा, महुली
हमारी हार्डवेयर की दुकान कुशहवा में है। ग्राहकों तक सामान पहुंचवाने के लिए ठेले वाले तैयार ही नहीं होते। वैकल्पिक रास्ते से दूरी लंबी पड़ जाती है, और अतिरिक्त किराया भी देना पड़ता है।
-रामप्रीत यादव, रतनपुर
हम लोगों की रिश्तेदारियां उस तरफ मुरादपुर और पकवा बाजार में है। परिवार के सदस्यों के साथ हमें भी जाना पड़ता है। रास्ता छोड़कर बंधूपुर और कठलहवा चौराहा होकर जाना पड़ रहा है।
-जबीउल्लाह खान, छितहीं
-
हरदी गांव में हमें अक्सर पत्नी को लेकर जाना पड़ता है। रास्ता इतना खराब है कि वहां से ब्लाक तक आने जाने में नाको चने चबाने पड़ते हैं। समस्या कब दूर होगी, यह कोई नहीं बताता है।
-गणेश यादव, परसादीपुर
-
इस मामले में विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी तथा वस्तु स्थिति की जानकारी लेकर उन्हें इस मार्ग को बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए जाएंगे। जनता को किसी तरह की परेशानी हो, यह किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं है।
-गणेश चंद्र चौहान, विधायक, धनघटा
कोट
इस मार्ग के निर्माण में कहां बाधा आ रही है, उसके बारे में जानकारी लेकर समय सीमा के अंदर इसका निर्माण कराया जाएगा, ताकि जनता को परेशानी न हो।
-आरके पांडेय, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी