मथौली। रामकोला क्षेत्र के रगड़गंज मार्ग पर रामनगर गांव के पास बुधवार की शाम को कार्यालय से घर जा रहे बाइक सवार सिंचाई विभाग के जिलेदार की पिकअप की टक्कर लगने से मौत हो गई।
हादसे के बाद पिकअप लेकर भाग रहे चालक को बाइक से पीछा कर युवकों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया। इसकी खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार पहुंच गए। अहिरौली बाजार क्षेत्र के सोनिया गांव निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र प्रसाद सिंचाई विभाग के पडरौना कार्यालय में जिलेदार के पद पर कार्यरत है। पौधारोपण अभियान में शामिल होने के लिए सुबह कार्यालय आए थे। देर शाम को घर के लिए अकेले बाइक से निकले।
अभी वह रामकोला क्षेत्र के रामनगर गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे पिकअप ने टक्कर मार दी, सिर में गंभीर चोट लगने से जिलेदार की मौके पर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिलेदार की बाइक के लेगगार्ड में हेलमेट टंगा था, उन्हाेंने सिर में हेलमेट नहीं पहनी थी।
अगर हेलमेट होता तो शायद जान बच जाती, क्योंकि शरीर पर कम चोट है। सिर पर ही गंभीर चोट लगी है। हादसे के बाद पिकअप लेकर चालक भागने लगा। पुलिस की मदद से लोगों ने पीछा कर उसे रामकोला बलुआ मोड़ के पास पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष रामकोला ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।