महुली कस्बे में बेतरतीब वाहनों के खड़ा करने से सड़क हुई संकरी
महुली। महुली कस्बे में जाम की समस्या का कोई हल ना शासन से ना प्रशासन से निकलता नजर आ रहा है।कस्बे में लोग रास्ते में अतिक्रमण कर लिए हैं। जिसकी वजह से वाहन को रास्ते में खड़ा करना लोगों की मजबूरी बन गई है। इस अतिक्रमण के चलते जाम से कस्बे के लोग ही नहीं, राहगीर भी परेशान हैं।
कस्बे में अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए वर्ष 2020 में तत्कालीन एसडीएम बाबूराम चौधरी के द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ पूरे तहसील क्षेत्र में अभियान चलाया गया था। इस अभियान का असर काफी दिनों तक था। लोगो ने रास्ते में पक्का निर्माण अवैध तरीके से करा लिया था, जिसको बुलडोजर की मदद से ध्वस्त करवा दिया गया। लेकिन उनके तहसील से स्थानांतरण के बाद लोगों ने फिर से धीरे-धीरे पक्का निर्माण और स्थायी कब्जा जमा लिया है। इसके कारण महुली कस्बे में हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। इस संबंध में एसडीएम धनघटा सुनील कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम चलाई जाएगी। इस दौरान जिसने भी सड़क पर कब्जा किया है, उसका अतिक्रमण हटवाया जाएगा तथा रास्ते को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा।