संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के विसयाहन्नू गांव में सोमवार की शाम पानी की टंकी से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। जिला अस्पताल ने मेमो भेजकर कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार बिसयाहन्नू गांव में जलजीवन मिशन के तहत पानी का टंकी बना हुआ है। चौकी प्रभारी तामेश्वरनाथ अरविंद कुमार यादव ने बताया कि सोमवार को दिन में कुशीनगर जनपद के बाघाचोट गांव निवासी सोमनाथ भारती (45) पुत्र मदन भारती टंकी पर पेंट का काम कर रहा था। लगभग दिन में चार बजे के आसपास वह पानी की टंकी से नीचे गिर गया।
ठेकेदार इंदल कुमार निवासी फेरुषा उसे घायलावस्था में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल गए। वहां पर चिकित्सक ने जांच के बाद घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को मेमो भेजकर घटना की जानकारी दी। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी हुई। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।