संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के एक कपड़ा व्यापारी से अरुणाचल प्रदेश के जालसाजों द्वारा 44.50 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गानगर बरदहिया बाजार निवासी विनोद जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह करीब एक साल पहले घूमने और व्यापार के सिलसिले में अरुणाचल प्रदेश के नामपांग, जिला चांगलांग गए थे। वहां उनकी मुलाकात रमजान अली पुत्र शौकत अली से हुई। बातचीत के दौरान रमजान ने उन्हें सोने के आभूषण और शुद्ध सोने के बिस्किट के कारोबार में मोटा मुनाफा होने का लालच दिया।
घर लौटकर परिजनों से सलाह-मशविरा करने के बाद रमजान अली पर भरोसा कर लिया। आरोपी ने जीएसटी बिल पर लेन-देन का भरोसा दिलाया। इसके बाद विनोद ने अलग-अलग तिथियों में कई बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कर दिए। तहरीर के मुताबिक 19 मार्च 2026 को 19.50 लाख रुपये, 23 फरवरी को 8.50 लाख रुपये, 25 फरवरी को 2.00 लाख रुपये, यूपीआई के माध्यम से 2.50 लाख रुपये तथा 20 मार्च को 9.00 लाख रुपये भेजे गए।
इस तरह कुल 44.50 लाख रुपये अलग-अलग आरोपियों के खातों में चले गए। रकम भेजने के बाद आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालते रहे और न तो माल भेजा और न ही पैसा वापस किया। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि पैसे वापस नहीं मिलेंगे। यहां तक कि अरुणाचल प्रदेश आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने उधार लेकर यह रकम दी थी और अब वह आर्थिक संकट में हैं। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस ने तहरीर मिलने पर रमजान अली, उसकी पत्नी आयशा हुसैन, पिता शौकत अली और एक अन्य सहयोगी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।