मगहर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेले में जांच करते चिकित्सक-संवाद
संतकबीरनगर। जिले के 24 स्वास्थ्य उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया। इसमें सबसे ज्यादा त्वचा रोग, शुगर, बुखार, पेट दर्द, सांस फूलने, खांसी से पीड़ित मरीज इलाज के लिए पहुंचे। मेला में चिकित्सकों ने मरीजाें की जांच की और परामर्श के साथ ही दवा उपलब्ध कराई। साथ ही फिर दिखाने के लिए बुलाया। इसके साथ ही पांच मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
उप स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे स्वास्थ्य मेला में कुल 1147 मरीजों ने इलाज कराया। इसमें सांस की तकलीफ के 91, उदर रोग के 93, शुगर के 120 , त्वचा रोग के 199 मरीज शामिल रहे। इनमें से कई मरीजों को ब्लड जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
नगरीय उप स्वास्थ्य केंद्र कांशीराम पर सुबह नौ बजे से जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया। मेले में सबसे ज्यादा वायरल बुखार, पेट दर्द, सिरदर्द, खांसी व त्वचा रोग की समस्या को लेकर मरीज आए। लोगों ने चिकित्सकों को दिखाकर दवा ली। शिविर में आई सुभद्रा देवी, बिंदू देवी ने बताया कि कई दिनों से बुखार से पीड़ित हैं। शिविर में दिखाने आए थे। चिकित्सक ने देखा और दवा दी और तीन दिन बार फिर बुलाया है। तीन बजे तक चले मेले में कुल 26 मरीजों ने इलाज कराया। डॉ. श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 26 मरीजों की जांच कर दवा दी गई है। इस मौके पर सुनीता ओझा, फार्मासिस्ट मनोज मिश्र आदि मौजूद रहे।