क्षेत्र पंचायत हैंसर बाजार की बैठक शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित हुई। जिसमें ग्राम पंचायत अधिकारियों का क्षेत्र में न रहना और कमीशनखोरी का मुद्दा छाया रहा। बैठक में कई विभागों के अधिकारियों- कर्मचारियों ने भाग नहीं लिया। जिस पर सदस्यों ने नाराजगी जाहिर करते हुए उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए 1.30 करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत की गईं।
बैठक की शुरूआत में पिछली कार्रवाई की पुष्टि से हुई। उसके बाद क्षेत्र पंचायत स्तर पर गठित समितियों की जानकारी के साथ आवासीय योजना, समूह गठन, पेयजल, राज्य वित्त, स्वच्छता, कृषि, मनरेगा आदि योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के दौरान महेंद्र नाथ राय ने कहा कि प्रधान मंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को मिलने वाले आवास में अनियमितता बरती गई है। गांवों मच्छरों के प्रकोप से बचने के लिए मिलने वाले धन का एएनएम द्वारा बंदरबांट किए जाने का आरोप कई प्रधानों ने लगाया तो सीएचसी मलौली के अधीक्षक डॉक्टर वी के शुक्ला संतोष जनक जवाब नहीं दे सके। जिस पर प्रधानों ने हंगामा भी किया। उसके बाद मरीज का ऑपरेशन करने की बात कहकर डॉक्टर शुक्ला बैठक से अस्पताल चले गए।
जिला पंचायत सदस्य बलराम यादव ने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में न तो जिला स्तरीय अधिकारी ही कोई भाग लिया और न ही पशुपालन, बाल विकास परियोजना, सिंचाई, पुलिस समेत कई विभाग के लोग आए। जिस पर सदन ने एक स्वर से अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पास किया। पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह उर्फ पहलवान सिंह ने कहा कि विकास कार्यों में कमीशन खोरी अब बर्दाश्त नही की जाएगी। 10 से 15 ग्राम पंचायतों का कार्य भार देख रहे पंचायत सचिव कई दिनों तक ब्लॉक पर आते ही नहीं हैं। उन्होंने बीडीओ को चेतावनी देते हुए कहा कि कमीशनखोरी और गैर हाजिरी पर अंकुश लगाएं। अधिकारी प्रधानों और बीडीसी सदस्यों की उपेक्षा अधिकारी कर रहे हैं, इसे रोका जाए।
अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रिंस अगम सिंह और संचालन एडीओ समाज कल्याण उमाशंकर वर्मा ने किया। इस मौके पर बीडीओ सौरभ पांडेय, श्रवण पांडेय, एडीओ पंचायत राम अशीष चौधरी, प्रधान राममिलन यादव, त्रिशुलधारी राय, प्रदीप यादव, अहमद, नरेन्द्र पांडेय, राजन राय, शिवाजी राय, हरीशचंद्र यादव, रविशंकर यादव, ओमप्रकाश राय, सुभाष यादव, लालबहादुर यादव, जयराम यादव, संतोष चौहान, संजय सिंह, पूनम देवी, सिक्रेटरी कमलेश तिवारी, राजेश यादव, अशोक कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।