संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। ब्लॉक के ग्राम बिगरमीर में गड़ही पर कब्जा किए जाने से जल निकासी की समस्या उत्पन्न ह़ोने की शिकायत गांव के व्यक्ति ने डीएम व आईजीआरएस पर दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को सेमरियावां एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी ने गांव के सचिव के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय जांच की। बिगरामीर गांव के अब्दुर्रहमान पुत्र बशीर अहमद ने गांव में तालाब पर अतिक्रमण होने से जल निकासी समस्या को लेकर तहसील दिवस समेत एसडीएम, तहसीलदार व ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि गड़ही समतल कर अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे खेत के पानी का बहाव नहीं हो पा रहा है। इससे जलभराव की स्थिति बन गई है। कई साल से जलभराव होने से धान की फसल नष्ट हो जाती है। तीन साल से शिकायत की जा रही है।
शिक़ायत पर तहसीलदार खलीलाबाद ने हल्का लेखपाल से जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाई गई। तत्कालीन तहसीलदार ने बीडीओ से गड़ही की खोदाई कराने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता अब्दुर्रहमान ने कहा कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई। तहसीलदार से लेकर लेखपाल व एडीओ पंचायत की जांच में अतिक्रमण की पुष्टि भी हो चुकी है।
इसके बाद एडीएम खलीलाबाद ने 24 जून 2026 खंड विकास अधिकारी सेमरियावां को पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर गड़ही को अतिक्रमण मुक्त कराने और पांच दिन के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आदेश जारी होने के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी व सचिव संतोष कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।