मेंहदावल। बेसिक स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए जिम्मेदार अभिभावकों और स्थानीय जन प्रतिनिधियों से संपर्क स्थापित करें। इसके साथ ही मिड-डे-मील में गुणवत्ता बनाए रखें। शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाएं, ताकि अभिभावक अधिक से अधिक अपने पाल्यों का नामांकन परिषदीय स्कूलों में करवाएं।
यह निर्देश बुधवार को बीईओं ज्ञानचन्द्र मिश्रा ने स्कूलाें के भ्रमण के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र से कम से कम 10 फीसदी अधिक नामांकन पर पूरी तरह से गंभीर रहे। नामांकन के कम होने पर जवाबदेही रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक व शिक्षिकाएं गांवों में जाकर अभिभावकों को जागरूक करें। सभी स्कूलों में मिड-डे-मील की गुणवत्ता को बनाए रखने के साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता भी बनाएं।
ब्लॉक में 116 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पिछले सत्र में करीब 12 हजार का नामांकन रहा। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को एमडीएम, किताबें, कापी, स्कूल यूनिफार्म समेत कई योजनाओं का लाभ निशुल्क दिया जाता है। इसके लिए अभिभावकों के खाते में हर सत्र में 1300 रुपये शासन द्वारा भेज दिया जाता है।
सभी बच्चों को योजनाओं का लाभ मिल सके। इसे लेकर लगातार सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में नामांकन को बढ़ाने के लिए शासन की ओर से दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल की अपेक्षा बेसिक शिक्षा विभाग के हर स्कूल में कम से कम 10 फीसदी अधिक नामांकन के कराए जाने को लेकर हम सभी को सजग रहना पड़ेगा।