संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। विकास खंड पौली के शिवबखरी में निर्माणाधीन उत्सव भवन का सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश दिए।
सीडीओ जयकेश त्रिपाठी व डीपीआरओ अरुण कुमार सोमवार की दोपहर विकास क्षेत्र पौली अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवबखरी में बन रहे उत्सव भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान सीडीओ ने निर्माणाधीन भवन में प्रयुक्त हो रही सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण कार्य की स्थिति तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मौजूद ग्राम सचिव व ग्राम प्रशासक की देखरेख में हो रहे कार्य को गुणवत्ता पूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए। कहा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सीडीओ ने निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश देते हुए कहा कि भवन के तैयार होने से गांव के लोगों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।