संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बुधवार को एएसपी सुशील कुमार सिंह के साथ साइबर क्राइम थाने का निरीक्षण किया। एसपी ने थाना परिसर, अभिलेखों, रजिस्टरों, कार्यालय व्यवस्था, शिकायत निस्तारण प्रक्रिया एवं तकनीकी संसाधनों की समीक्षा की। साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया दुरुपयोग एवं अन्य साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, साक्ष्य संकलन, पीड़ितों से संवेदनशीलता के साथ व्यवहार तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन प्रियम राजशेखर पांडेय, साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे, पुलिस अधीक्षक के वाचक रामाशीश यादव, पीआरओ दुर्गेश पांडेय आदि उपस्थित रहे।