संतकबीरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में दो दिवसीय जनपदीय वैक्सीन कोल्ड चेन हैंडलर प्रशिक्षण अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें सभी ब्लाॅकों से आए हुए वैक्सीन कोल्ड चेन हैंडलर को वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और परिवहन को सुनिश्चित करने सहित अन्य बिंदुओं पर प्रशिक्षित किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीके सोनी ने कहा कि कोल्ड चेन भंडारण और परिवहन की कड़ियों से बनी एक शृंखला है जो टीके को निर्माण स्थल से लाभार्थी तक निर्धारित तापमान पर पहुंचाने के लिए जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान जिला वैक्सीन एवं कोल्ड चेन प्रबंधक ई-विन एवं यूविन के प्रबंधक सुशील कुमार मौर्य ने टीका को 02 डिग्री सेल्सियस से 08 डिग्री सेल्सियस के बीच सुरक्षित रखने के तरीकों पर विस्तार से सभी को जानकारी दी।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को टीका के रखरखाव और हैंडलिंग की प्रक्रिया में दक्षता प्रदान करना था। जिससे टीका निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रहे और लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने बताया कि टीका का उचित रखरखाव न होने पर वे खराब हो सकते हैं जिससे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण अभियान की प्रभावशीलता पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में आईएलआर में वैक्सीन को व्यवस्थित करने, तापमान नियंत्रण और परिवहन के दौरान कोल्ड चेन बनाए रखने की तकनीकों पर जोर दिया गया। यूनीसेफ के रितेश सिंह ने वैक्सीन को कोल्डचेन मॉनीटरिंग चेकलिस्ट में मानक के अनुसार किए गए कार्यों की गुणवत्ता को कैसे और बेहतर किया जा सकता है पर विस्तार से चर्चा की।
इस मौके पर सुनील कुमार मिश्रा, वीरेन्द्र बहादुर, लालवन्द्र, अनुज यादव, धर्मेन्द्र पाण्डेय, कृष्णा पाण्डेय, मोहम्मद कौसर, बृजेश कुमार, लवकुश रामाज्ञा, चन्द्रभूषण भारती, पूर्णिमा शोभा देवी आदि मौजूद रही।