संतकबीरनगर। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं हर्षाेल्लास से मनाया गया। सभी सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कलक्ट्रेट भवन पर सुबह आठ बजे जिले की प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने ध्वजारोहण किया। आजादी के अमर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता की शपथ दिलाई।
ध्वजारोहण के बाद कलक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी हुई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज हम सब आजादी का जश्न मनाने के साथ-साथ उन वीर क्रांतिकारियों एवं आजादी के अमर सपूतों को श्रद्धांजलि एवं श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं जिनके त्याग बलिदान व संघर्षों से हमें आजादी मिली है। देश की आजादी व अखंडता को अक्षुण्य रखने के लिए हम लोगों को प्रधानमंत्री के आह्वान एवं संकल्पों के नए भारत के निर्माण में जाति, धर्म व क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर हर नागरिक को पूरी निष्ठा, मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ एकजुट होकर दृढ़ संकल्प के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा।
यही हमारे अमर शहीदों के सोच की आजाद भारत की परिकल्पना सच्चे अर्थाें में साकार होगी और आजादी के नायकों के प्रति हम सबकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी ने कहा कि जिस देश में हमने जन्म लिया है उस देश को विश्वगुरु बनाने के लिए हम सभी को अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का बिना भेदभाव के ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करना होगा। मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हमें जाति-पाति, ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र के लिए कार्य करना है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि हम जिन आदर्शों की बात प्रायः करते हैं उन्हें सबसे पहले अपने व्यवहार में लाना ही देश एवं समाज के प्रति सच्ची सेवा है। हमें एक लोकसेवक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, लगन एवं उत्साह से निर्वहन करते रहना है।
इस अवसर पर जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व अमर शहीद के परिजनों को अंग वस्त्र व मिष्ठान भेंटकर सम्मानित किया गया। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण, देशभक्ति गीतों आदि के मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके बाद प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण किया। इससे पहले उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं स्काउट गाइडस् द्वारा बैंडबाजे के साथ राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत का गायन किया गया।
कार्यक्रम में लोकतंत्र रक्षक सेनानी शिवकुमार गुप्ता, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, प्रशासनिक अधिकारी बद्री प्रसाद श्रीवास्तव, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न विद्यालयों की छात्र-छात्राएं, शिक्षक, स्काउट गाइड्स आदि उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने ली मार्च पास्ट की सलामी, विभागों ने निकालीं झांकियां
स्वतंत्रता दिवस पर एनसीसी, स्काउट गाइड, विभिन्न स्कूलों के बच्चों की परेड-मार्च पास्ट व अन्य विभागों की झांकियां निकाली गईं। प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी ने पुरानी तहसील खलीलाबाद गेट पर सलामी लेते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, जिला विकास अधिकारी रुक्मिणी वर्मा, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुजीत कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ.सर्वेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार आदि उपस्थित रहे।
कृषि विज्ञान केंद्र में भी हुआ ध्वजारोहण
संतकबीरनगर। कृषि विज्ञान केंद्र में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सीपीएन गौतम द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. देवेश कुमार, डॉ. दुर्गेश कुमार मौर्य, डॉ. धर्मेंद्र कुमार तथा कृषक आदि उपस्थित रहे। संवाद
-
राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का किया गायन
संतकबीरनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय महिला महाविद्यालय खलीलाबाद में प्राचार्य प्रो. आशाराम ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के गायन के पश्चात उच्च शिक्षा निदेशक के संदेश का वाचन किया। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बस्ती मंडल प्रो. जयप्रकाश सिंह ने कहा कि हमारा प्रमुख कर्तव्य राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ समर्पण और अपने काम को देशप्रेम की सेवा की भावना से करना है। विविधता हमारी उपलब्धि है इस विविधता को और इसमें अन्तर्निहित एकता को बचाकर रखना हर पीढ़ी का कर्तव्य है। संवाद