संतकबीरनगर। दिवाली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को लेकर पुलिस अधिकारियों ने मातहतों को निर्देश दिए हैं। क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने सोमवार देर रात संबंधित थानों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अर्दली रूम आयोजित कर अपराध नियंत्रण और विवेचनाओं की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर संबंधित विवेचकों को शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। इसके अलावा यक्ष एप के माध्यम से अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों का ब्योरा अपडेट रखने और उन पर लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों के मद्देनजर थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर पूजा स्थलों और संवेदनशील स्थानों का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने और जनप्रतिनिधियों, आयोजकों व संभ्रांत लोगों से संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।