संतकबीरनगर। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के तत्वाधान में बुधवार को पीआरडी स्थापना दिवस समारोह हीरालाल इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मार्च पास्ट कर सलामी सदर विधायक अंकुरराज तिवारी ने ली। पीआरडी जवानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में पीआरडी जवानों के ड्यूटी तथा वेतन में वृद्धि की गई है। 2018 से पूर्व जवानों की ड्यूटी बहुत कम लगती थी जो आज काफी संख्या में लग रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से वार्ता कर जवानों की बेहतरी के लिए स्वयं कोशिश करेंगे।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी रामप्रताप सिंह ने कहा कि जिले में कुल 392 जवान हैं, जिसमे 248 जवान ड्यूटीरत हैं। विभाग के बजट से अन्य जवानों की गैर विभागों में ड्यूटी लगाई जाती है। विभाग द्वारा पीआरडी जवानों के लिए मृतक आश्रितों के चयन की प्रक्रिया, मासिक रिफ्रेसर परेड, पीआरडी स्थापना दिवस, प्रत्येक वर्ष पीआरडी पुनर्प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण आदि बहुत से नवीन और क्षमता संवर्धन के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पीआरडी जवानों के मध्य रस्साकसी और दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित किया गया। रस्साकसी में खलीलाबाद कंपनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिलाओं और पुरुषों की 100 मीटर की दौड़ में लक्ष्मी और फिरोज आलम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आराधना द्विवेदी, मुकेश गुप्ता, रितेश वर्मा, राघवेंद्र पाल, विकास, गोरख प्रसाद, प्रदीप, रामनाथ आदि मौजूद रहे।