जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़-संवाद
- जिला अस्पताल में लग रही मरीजों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में सर्दी जुकाम व फंगस के रोगियों की तादाद बढ़ गई है। प्रतिदिन 200 के करीब मरीज इस बीमारी से पीड़ित होकर अस्पताल इलाके के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सक बचाव के तरीके बता रहे हैं। मौसम के बदले मिजाज ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। खासकर सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और फंगस संबंधी त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या में बड़ा इजाफा देखा जा रहा है।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 1400 पर्चे बने। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रमाशंकर ने बताया कि सर्दी जुकाम व फंगस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक मरीज के बीमार पड़ते ही पूरा परिवार इसकी चपेट में आ रहा है। ओपीडी में करीब 200 ब्लड सैंपल लिए गए। इसमें वायरल संक्रमण के लक्षण प्रमुखता से पाए गए। बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव और गंदगी से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ा है।
इससे दाद, खुजली और फुंसी की शिकायतें बढ़ गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश में भीगने से बचें। घर के आसपास सफाई रखें। सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। मास्क अवश्य पहनें।