सेमरियावां। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के अभियान में निर्वाचन आयोग ने सेमरियावां ब्लाॅक में लगभग 44 हजार संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं चिह्नित किए हैं। मतदाता सूची शुद्ध करने का अभियान चल रहा है। इसके अंतिम प्रकाशन की तिथि भी घोषित कर दी गई है।
आयोग को आशंका थी कि इन मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं। डाटा मिलते ही प्रशासन ने व्यापक जांच के लिए जिलेभर में टीमें गठित कर दी हैं। अधिकांश मतदाताओं का सत्यापन हो चुका है। मतदाताओं का सत्यापन होने के बाद डाटा फीड होने के बाद ही वोटर लिस्ट फाइनल होगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने व्यापक सत्यापन अभियान की तैयारी की है।
सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायतें हैं। 113 पंचायतों में 316 मतदेय स्थल पर 124 बीएलओ बनाए गए हैं। इसके अलावा 18 सुपरवाइजर तैनात किया गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले सूची को शुद्ध किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग ने सेमरियावां ब्लाॅक में चिन्हित 44 हजार संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी है। अधिक संख्या में नकली मतदाता मिलने से तंत्र में हलचल बढ़ा दी है। यह डाटा जिले स्तरीय तैयार किया गया है, जिसमें एक ही व्यक्ति के नाम अलग-अलग बूथों, विधानसभाओं अथवा पते पर दर्ज होने की संभावना जताई गई है। आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।