संतकबीरनगर। युवाओं ने ''यादव जी की लव स्टोरी'' नामक फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस संबंध में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें फिल्म से जुड़े व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में राजन यादव ने कहा कि ''यादव जी की लव स्टोरी'' फिल्म सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है। इसमें यादव समाज की भावनाओं को आहत करने वाले आपत्तिजनक दृश्य और संवाद दिखाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फिल्म सामाजिक सौहार्द बिगाड़ रही है। जिससे क्षेत्र में असंतोष और रोष बढ़ रहा है। इससे शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए और इसके निर्माण व प्रसारण से जुड़े सभी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान सतेंद्र विश्वकर्मा, रविकांत, मोनू यादव, मनीष आदि मौजूद रहे।