संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के हडिया माफी गांव के एक व्यक्ति द्वारा ग्राम सभा में आबादी की जमीन पर कराए जा रहे अवैध निर्माण को ग्रामीणों ने रोक दिया। इससे दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इसी बीच जमीन में रखी पुआल में किसी ने आग लगा दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाने के साथ ही बगल में गेहूं की फसल को बचाया गया।
हड़िया माफी गांव में आबादी से सटकर खलिहान की जमीन है। उसी में दलित बस्ती के लोगों ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा रखी है। खलिहान और दलित बस्ती से सटी जमीन पर गांव के कुछ लोग पक्का निर्माण करा रहे थे। इससे आक्रोशित बुद्धिराम, जंगी, लालमन, सम्पत, रामू, विश्वनाथ, शंभू बलिहारी, राजदेव, यमुना सहित लगभग पचास महिला पुरुष ने पहुंच कर निर्माण कार्य रोक दिया। इससे दो पक्षों में विवाद होने लगा। मामला बढ़ता देख किसी की सूचना पर पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी नंदू गौतम ने दोनों पक्ष को शांत कराते हुए लेखपाल से जमीन के विषय में जानकारी ली, और निर्माण रुकवा दिया।