संतकबीरनगर। बिजली विभाग में बिना सुरक्षा उपकरणों के कोई कार्य नहीं होगा। इसके लिए बिजली कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें सुरक्षा उपकरणों का महत्व बताया जाएगा। कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह निर्देश जारी किए गए हैं। अगर कोई कर्मी बिना सुरक्षा उपकरणों के पोल पर चढ़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत लाइनों के अनुरक्षण एवं उपकेंद्रों के परिचालन में कार्य के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश पावर काॅर्पोंरेशन गंभीर हो गया है। इसके तहत अब कहीं पर भी बिजली का कार्य बिना सुरक्षा कवच नहीं हो पाएंगे। अगर कोई बिजली कर्मी काम के लिए जा रहा है तो उसको सुरक्षा का उपाय करना अनिवार्य होगा। उत्तर प्रदेश पावर काॅर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने निर्देश दिए हैं कि उपकेंद्रों और लाइनों के अनुरक्षण, परिचालन के लिए कर्मियों को विद्युत सुरक्षा के लिए हेलमेट एचवी सेंटर एवं टार्च सहित, सुरक्षा दस्तानें, इलेट्रिकल सेेफ्टी सूज, सेफ्टी बेल्ट, अर्थ डिस्चार्ज रॉड, ब्रास अर्थ चेन, एलवी टेस्टर, टूल किट, रेडियम जैकेट आदि उपलब्ध कराया जाए।
बगैर सुरक्षा इंतजाम के लाइनों व उपकेंद्र के अनुरक्षण का कार्य न कराया जाए। अगर कोई भी कर्मी बिना सुरक्षा उपकरणों के कार्य करता पाया जाता है तो उस क्षेत्र के संबंधित अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं अधिशाषी अभियंता पूर्ण रूप से दोषी माने जाएंगे। कार्मिकों द्वारा कार्य पर जाने से पूर्व लिखित रूप से उपकेंद्र पर रजिस्टर में पुष्टि भी सुनिश्चित की जाए कि उनके पास संपूर्ण सुरक्षा उपलब्ध है।