- सांसद ने एडीएम से टेलीफोनिक वार्ता कराकर दिलाया भरोसा
- नाथनगर क्षेत्र के सिदाही और मेहनिया गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नाथनगर क्षेत्र के सिदाही और मेहनिया के मतदाताओं ने शनिवार को ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ की बात कहते हुए मतदान करने से इन्कार कर दिया। क्षेत्र भ्रमण पर निकले भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद गांव पहुंचकर नाराज मतदाताओं को मनाने में जुट गए। इस दौरान लोगों को संतुष्ठ करने के लिए सांसद ने कागज पर लिखित रूप से बरसात का मौसम शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाने का भरोसा दिया। सांसद ने एडीएम से टेलीफोनिक वार्ता ग्रामीणों से कराकर आचार संहिता खत्म होते ही उनकी मांग पूरा होने की बात कही। इस मतदान केंद्र पर 525 मतदाता के सापेक्ष सुबह 11 बजे तक 9 मत पड़ थे।
नाथनगर ब्लाॅक के सिदाही के लोग शनिवार को चुनाव बहिष्कार अडिग दिखे। इसकी भनक जब पूर्व विधायक जय चौबे को हुई तो वह सांसद प्रवीण निषाद के साथ गांव पहुंच गए। महिलाओं और पुरुष मतदाताओं से बात कर वहां की समस्या से अवगत हुए। लोगों ने बताया कि दोनो छोर से सड़क बन गई है। बीच में करीब पचास मीटर कार्य को कुछ लोगों ने रुकवा दिया है। कोई सुनवाई नहीं हुई है जिसके चलते मतदान में हिस्सा नही लेगे। सांसद ने एडीएम से टेलीफोनिक वार्ता करके सीधे ग्रामीणों को फोन थमा दिया। ग्रामीणों से बातचीत करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आचार संहिता खत्म होते ही राजस्व कर्मियों की टीम गठित करके पैमाइश कराकर निस्तारण कराया जाएगा। इसके बाद लोग मतदान के लिए गए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जगदम्बा लाल श्रीवास्तव, प्रधान अरुण तिवारी, राजीव कुमार गुप्ता, जितेन्द्र, युग्गी लाल शर्मा मौजूद रहे।