संतकबीरनगर। स्कूली वाहनों को कागजात दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग ने 15 जुलाई तक प्रपत्र सही कराने का समय दिया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद एआरटीओ कार्यालय की तरफ से इन वाहनों पर निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
जिले के तमाम स्कूलों में नौनिहालों का जीवन दांव पर लगाकर उन्हें घर से स्कूल और स्कूल से घर लाया और ले जाया जा रहा है। जबकि काफी स्कूल वाहन के कागजात सही नही है। कुछ वाहनों के फिटनेस तो कुछ का परमिट व अन्य कागजात स्कूल संचालकों के द्वारा सही नही कराया गया। जिससे अनफिट स्कूल वाहन सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं।
एआरटीओ कार्यालय की मानें तो जनपद में कुल 737 स्कूल वाहनों का पंजीकरण कार्यालय पर हुआ है। जिसमे से 194 वाहनों का फिटनेस फेल है। इसको देखकर छात्रों की सुरक्षा के लिए जून माह में एआरटीओ कार्यालय की तरफ से 15 जुलाई तक वाहनों के सभी प्रपत्र सही कराने का निर्देश दिया गया था। रिमांइडर के बाद भी कई संचालकों ने अपने वाहन के कागजात सही कराने का प्रयास नही किया।
मंगलवार को समय सीमा भी समाप्त हो रहा है और अभी भी काफी स्कूल वाहन के कागजात सही नहीं हुए। अब सही प्रपत्र न रहने वाले स्कूल वाहनों का पंजीयन एआरटीओ की तरफ से निरस्त किया जाएगा।