जिला कारागार में बंदियों की समस्या सुनते न्यायिक अधिकारी-स्रोत न्यायालय
- फोटो : मुठभेड़ में घायल रामवीर को उपचार के लिए लेकर जाती पुलिस। स्रोत: पुलिस
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में शुक्रवार को जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव ने बंदियों की समस्याएं सुनीं। सजायाफ्ता बंदी ने कहा कि वह सीतामढ़ी बिहार का रहने वाला है। बलिया कोर्ट से उसको सजा हुई है। हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है, परंतु जमानतदार के अभाव में डेढ़ वर्ष से रिहा नहीं हो पा रहा है।
उसने कहा कि दुराचार के मामले में बलिया जिले की कोर्ट ने 24 मार्च 2022 को दस वर्ष की कैद डेढ़ लाख रुपये जुर्माना लगा है। उच्च न्यायालय से लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी जमानत मंजूर हो चुकी है। जमानतदार की व्यवस्था न हो पाने से वह छूट नहीं पा रहा है। इसी प्रकार डुमरियागंज सिद्धार्थनगर जिले के शिवशंकर विश्वकर्मा ने कहा कि उसका चोरी का मामला इस जिले में होने के साथ ही बस्ती व गोरखपुर में भी है। जमानत मंजूर होने बाद भी जमानतदार न मिलने से रिहाई नहीं हो पा रही है। नेपाल के रुपनदेही निवासी सचिन ने कहा कि जिस युवती के मामले में उसके खिलाफ मुकदमा चल रहा है, वह मेरे घर में ही रह रही है, बावजूद उसकी हाईकोर्ट से जमानत नहीं हो पा रही है। इसी प्रकार कई बंदियों ने अपनी समस्याएं रखीं। निराकरण के लिए उन्हें आश्वस्त किया गया। इस दौरान जेलर आरके वर्मा, डिप्टी जेलर नयन कमल सिंह, हरिकेश आदि मौजूद रहे।