धनघटा। थाना क्षेत्र के एक गांव में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी पत्नी के प्रेम-प्रसंग से तंग आकर उसकी शादी प्रेमी के साथ करा दी।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी व्यक्ति ने 21 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के पांच बच्चे भी हैं। हालांकि, बीते कुछ समय से महिला का झुकाव गांव के ही एक युवक की तरफ हो गया था। करीब दो महीने पहले महिला अपने पांचों बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई थी।
परिवार और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद जब महिला वापस लौटी तो पति ने आपसी विवाद और रोज-रोज की कलह को खत्म करने का रास्ता निकाला। पति ने परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अशरफपुर स्थित शिव मंदिर में अपनी पत्नी की शादी प्रेमी से करा दी और उसे विदा भी कर दिया। इस शादी की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। इस फैसले पर पति का कहना है कि 21 साल पहले लव मैरिज की थी लेकिन अब पत्नी को बच्चों और मेरा मोह छोड़कर किसी और से प्रेम हो गया है। इसलिए मैंने खुद मंदिर में दोनों के हाथ पीले करा दिए।