एचआरपीजी कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर छात्रो के बीच हो रही मारपीट।
- फोटो : KHALILABAD
प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्रों का दो गुट भिड़े
- एक गुट ने दूसरे गुट के छात्र नेता को पीटा
- घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल
- पुलिस ने पहुंच कर मामले को कराया शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद में मंगलवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्र नेताओं का दो गुट आपस में भिड़ गया। एक गुट ने दूसरे गुट के छात्र नेता को पीट दिया। उसके बाद अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
विभिन्न कक्षाओं के टॉपरों को सम्मानित करने के लिए मंगलवार को एचआरपीजी कॉलेज के कामन हाल में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की तैयारी चल ही रही थी कि छात्र संघ अध्यक्ष सौरभ सिंह प्राचार्य कक्ष में पहुंच गए। उन्होंने कामन हाल में कार्यक्रम आयोजित होने पर आपत्ति जताई और उसे कॉलेज के परिसर में कराने की मांग की। उसके बाद छात्र संघ उपाध्यक्ष सौरभ पांडेय पहुंचे और कामन हाल में कार्यक्रम होने का समर्थन किया। दोनों गुट के छात्र एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उसके बाद छात्र नेता कामन हाल में पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इस दौरान एक गुट ने दूसरे गुट के एक छात्र नेता को पीट दिया। जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पर कोतवाल अजय सिंह, एसएसआई सुभाष मौर्य और गोला चौकी इंचार्ज प्रतिभा सिंह पहुंच गई। उन्होंने छात्र नेताओं को समझा बुझाकर शांत कराया। परिसर में पुलिस बल को तैनात कर दिया। इस संबंध में प्राचार्य डॉ. रामसोच यादव ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर छात्र नेताओं का गुट आपस में विवाद कर लिया। बाद में मारपीट हुई। अगर कोई छात्र नेता शिकायत करता है तो कार्रवाई की जाएगी। छात्रों के हंगामे को देखते हुए प्रतिभा सम्मान समारोह अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
0000000000
21 तक कॉलेज बंद
एचआरपीजी कॉलेज में छात्रों के बवाल को देखते हुए कॉलेज को 21 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। यह जानकारी प्राचार्य डॉ. रामसोच यादव ने दी। उन्होंने बताया कि अवकाश के दौरान प्रायोगिक परीक्षाएं चलती रहेगी।