सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में हुई यूपी बोर्ड की परीक्षा
- पहले दिन 2870 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
- बोर्ड परीक्षा में पहले दिन सचल दस्तों ने दिखाई सख्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं वायस रिकार्डर व सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में मंगलवार को शुरू हो गई। परीक्षा में पहले दिन हाईस्कूल के हिंदी विषय में कुल नामांकित 26541 में से 2870 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के पहले दिन सचल दस्तों ने काफी सख्ती दिखाई। शाम की पाली में इंटर हिंदी प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई।
मंगलवार से आयोजित हुई बोर्ड परीक्षा में सुबह की पाली में हाईस्कूल केे हिंदी विषय में पंजीकृत 26,541 परीक्षार्थियों में से 2870 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सचल दस्ता प्रभारी डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि सुबह की पाली में एबीआरएल इंटर कॉलेज गिठनी, औद्योगिक कृषक पाल इंटर कॉलेज हरिहरपुर, कालिका प्रसाद साधू शरण इंटर कॉलेज हरिहरपुर, एपीएन इंटर कॉलेज डुमरी का निरीक्षण किया गया। जहां पर परीक्षा शांति पूर्वक तरीके से संपन्न हो रही थी। शाम की पाली में इंटर हिंदी विषय का प्रश्न पत्र था। सिहटीकर और बखिरा में बने केंद्रों का निरीक्षण किया गया। कुछ जगहों पर एक-दो कक्ष निरीक्षण नहीं पहुंचे थे। उन्हें भेजा गया। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मेंहदावल क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों की जांच हुई। जहां पर शांति पूर्वक परीक्षा संपन्न हुई। इसी तरह से सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे।
देर तक जमा होता रहा बंडल
संतकबीरनगर। उत्तर पुस्तिकाओं के लिए बनाए गए संकलन केंद्र एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद समेत धनघटा और मेंहदावल तहसील में सुबह की पाली की परीक्षा समाप्त होते ही कापियों के बंडलों को आना शुरू हो गया। इस दौरान कई विद्यालयों के बंडलों को जमा करते हुए कर्मचारी लगे रहे। बंडलों के सील पैक देखकर ही कापियों के बंडल जमा किए जाते थे। यह सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।
सरल प्रश्न पत्र आने पर परीक्षार्थी हुए खुश
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में हिंदी प्रश्न पत्र के सरल आने से परीक्षार्थी खुश दिखे। परीक्षार्थियों ने कहा कि पेपर अच्छा हुआ है। एचआर इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की हिंदी परीक्षा देकर निकले छात्र संजय मिश्र, राजू चौधरी, बृजेश आदि ने कहा कि प्रश्न पत्र सरल आया था। जिसे हल करने में दिक्कत नहीं हुई।
0000000
सख्ती की वजह से पहले दिन 2870 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सचल दस्ता ने केंद्रों का निरीक्षण किया। कुछ जगहों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नहीं पहुंच पाए थे। बाद में वह भी पहुंच गए। हर जगह पर सीसीटीवी कैमरा चल रहा था। कही से कोई शिकायत नहीं मिली। परीक्षा शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुई। - गिरीश कुमार सिंह, डीआईओएस