संतकबीरनगर। जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे लोग परेशान हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। इस बीच बिजली की कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। वजह यह है कि बिजली न रहने पर पंखा- कूलर बेकार हो जा रहे हैं। कई दिनों से मौसम तल्ख बना है। सुबह होते ही तेज धूप के तेवर दिखने लगते हैं और दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी असहनीय हो जा रही है।
सूरज की तपिश ने लोगों को जल्द ही घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। दोपहर के समय लू जैसे हालात बन गए हैं। इससे सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम रही। गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर, चेहरा और हाथ ढककर निकल रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों और सड़क किनारे काम करने वाले लोगों की स्थिति और भी खराब हो गई है। घरों के अंदर भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। वजह यह है कि उमस भी बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में दस बजे के बाद बिजली गुल हो जा रही है और शाम के समय बिजली आती है। ऐसे में पंखा- कूलर भी बेकार हो जा रहे हैं।
0000000000000000000
गर्मी से बचाव के लिए अपनाएं उपाय
-दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं
-हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनें
-सिर और शरीर को ढककर ही बाहर निकलें
-दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचें
00000000000000000000000
क्या न करें
-बच्चों या पशुओं को बंद वाहन में न छोड़ें
-तेज धूप में अधिक समय तक न रहें
-शराब और कैफीन का सेवन सीमित रखें
-खाली पेट धूप में बाहर न निकलें
000000000000000000
आने वाले तीन से चार दिन गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। बुधवार से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। इस बीच हल्की बारिश होने की संभावना है।
-अमरनाथ मिश्र, मौसम वैज्ञानिक, कुमारगंज, अयोध्या