स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जमीनी हकीकत और उसे और बेतहर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर आई केंद्रीय टीम ने सीएचसी खलीलाबाद सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम अपनी रिपोर्ट तैयार करने के बाद जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी से साझा करेगी और स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए सुझाव देगी। साथ ही भारत सरकार को रिपोर्ट करेगी।
केंद्र सरकार से संचालित स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के बारे में जमीनी जानकारी हासिल करने के लिए भारत सरकार के प्रतिनिधि डॉक्टर अजय पाटिल अधिकारियों के साथ सब सेंटर बखिरा का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघौली पहुंचे और एक-एक कक्ष को देखा और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
यहां से टीम सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद पहुंचे और स्मार्ट रूप में तैनात कर्मचारी से जानकारी ली। साथ ही प्रसव केंद्र को भी देखा। गुरुवार को भी टीम जिले में रहेगी और लाभार्थियों से मिलकर जानकारी लेगी। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केपी पांडेय, सीएचसी अधीक्षक डॉ. रतन लाल, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र यादव आदि मौजूद रहे। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि टीम संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के दो दिवसीय दौरे पर है।