संतकबीरनगर। माध्यमिक विद्यालयों में हेल्थ क्लब का गठन किया जाएगा और विद्यार्थियों के हेल्थ कार्ड भी बनवाए जाएंगे। विद्यार्थियों का नियमित चिकित्सीय परीक्षण भी करवाया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करवाया जाएगा।
शासन ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में हेल्थ क्लब का गठन किया जाए। क्लब का गठन होने के बाद विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करवाएं। शिविर में छात्र-छात्राओं को शारीरिक रूप से होने वाले बदलाव के बारे में बिस्तार से जानकारी दी जाए। उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए।
जिले में 280 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। स्वास्थ्य क्लब में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। समिति में किशोर स्वास्थ्य क्लब के पांच सदस्य शामिल किए जाएंगे। सीएचसी के स्वास्थ्य अधिकारी या एएनएम को मुख्य संरक्षक के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
प्रधानाचार्य को क्लब का संरक्षक, दो शिक्षकों को हेल्थ ब्रिगेडियर, प्रत्येक कक्षा के दो विद्यार्थियों को हेल्थ कैप्टन बनाया जाएगा। एनसीसी कैडेट्स भी हेल्थ कैप्टन के रूप में तैनात रहेंगे। संवाद