संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली के हाईवे पर नवीन मंडी के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक सवार ने सब्जी खरीद कर सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के जोरवा गांव निवासी शांति देवी (55) पत्नी राम बेचन दोपहर में नवीन सब्जी मंडी में सब्जी लेने गई थीं। वह सब्जी खरीद कर घर लौटने के लिए हाईवे पार कर रही थीं। उसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से वह हाईवे पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गईं। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। अभी तक तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।