धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ छेड़छाड़, दलित उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट पेश किया। वहां से आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव में स्थित परिषदीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर मंगलवार को नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ तथा दलित उत्पीड़न का आरोप लगा था। इस पीड़िता के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया था। पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले को लेकर शिक्षक के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। एसओ रजनीश राय ने बताया कि रिपोर्ट में नामजद शिक्षक को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।