अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर पत्रकार वार्ता करते कांग्रेस जिलाध्यक्ष-संवाद
संतकबीरनगर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद पांडेय ने सरकार पर अधिवक्ताओं के प्रति संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी टोल प्लाजा पर अधिवक्ता के साथ मारपीट निंदनीय घटना है। सरकार अधिवक्ताओं के लिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करे।
वे शनिवार को कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता लंबे समय से इस एक्ट को लागू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। बाराबंकी में एक अधिवक्ता के साथ टोल कर्मियों द्वारा की गई मारपीट इसी संवेदनहीनता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अधिवक्ताओं के हितों के साथ खड़ा है। उन्होंने अधिवक्ताओं द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।
उन्होंने तर्क दिया कि यदि अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू होता, तो टोल कर्मियों की अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने की हिम्मत नहीं होती। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से तत्काल अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की, ताकि अधिवक्ताओं के साथ होने वाली इस प्रकार की हरकतों को रोका जा सके।
इस दौरान अरुण कुमार पांडेय, सुनील कुमार पांडेय, गिरजेश मिश्रा, दुर्गेश पाठक सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।