पुलिस लाइंस में क्रिकेट प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागी को पुरस्कार देते आईजी गोरखपुर मोहित अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइंस परिसर में चल रही 19 वीं जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में गोरखपुर की टीम ने संतकबीरनगर को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। संतकबीरनगर की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
बीस ओवर के इस मैच में संतकबीरनगर की टीम ने 108 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर की टीम ने 17 ओवर एक गेंद पर 109 रन बनाकर जीत हासिल की। इसमें गोरखपुर की ओर से दीपक ने 46 रनों की पारी खेली। गोरखपुर टीम की ओर से नौ रन देकर चार विकेट लेने वाले पवन कुमार को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
विजेता गोरखपुर टीम को पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर मोहित अग्रवाल, डीआईजी बस्ती राकेशचंद्र साहू व पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने शील्ड प्रदान किया। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि खेल से आपसी सौहार्द के साथ चुस्ती-फुर्ती बनी रहती है। इस अवसर पर सीओ रमेश कुमार, सीओ मेंहदावल हौसला प्रसाद, आरआई अशोक सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।