टोटियों के ऊपर यह बोर्ड लगाया जाएगा कि किससे ठंडा पानी आ रहा और किससे सामान्य।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने मंगलवार को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म नंबर दो पर शेड नहीं होने से वहां शेड लगवाने का निर्देश दिया। वाटर कूलर चेक करने पर ठंडा पानी मिला। इस पर उन्होंने संतोष जताया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्लेटफार्म पर एलसीडी लगाया जाए, ऊपर गामी पुल पर शेड खराब मिलने पर उसे बदलने का निर्देश दिया।
जीएम ने कहा कि पुल पर ग्लोसाइन बोर्ड लगाया जाए। स्टेशन पर लगे वाटर वेडिंग मशीन को देखा और वहां तैनात कर्मचारी से पानी के रेट और मात्रा के बारे में जानकारी ली। प्लेटफार्म नंबर एक पर लगे वाटर कूलर को देखा और निर्देश दिया कि सभी टोटियों के ऊपर यह बोर्ड लगाया जाए कि किससे ठंडा पानी आ रहा और किससे सामान्य।
मुख्य गेट पर रखी कुर्सियों को जाम कराने के निर्देश दिए। टिकट बेडिंग मशीन के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि वोल्टेज की समस्या के कारण अभी मशीन चालू नहीं हो सकी है, इस पर निर्देश दिया कि तत्काल मशीन चालू कराई जाए, ताकि यात्रियों को टिकट के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने खान-पान केंद्र पर पहुंचकर गुणवत्ता देखी और निर्देश दिया कि जनता भोजन के रेट का बोर्ड लगाया जाए। बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता व संरक्षा के मद्देनजर यह निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बुढ़वल, गोंडा, बस्ती के साथ ही खलीलाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया है। खलीलाबाद में दो और वाटर वेडिंग मशीन लग गई है। अभी दो और वाटर वेडिंग मशीन लगाई जाएगी। तीन टिकट वेडिंग मशीन भी लग गई है, जिसे जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। पंखे और बेंच की व्यवस्था में और सुधार कराया जाएगा। रेलवे स्टेशन के दूसरी तरफ की सड़क के बारे में उन्होंने बताया कि इसे ठीक कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान रेलवे के अधिकारियों के साथ ही जेके सिंह, अजय शर्मा, प्रदीप पांडेय, बलबीर सिंह आदि उपस्थित रहे।