संतकबीरनगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया। शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। प्रेमिका को शादी के नाम पर टालमटोल करता रहा।
प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए उसने अपनी शादी भी तय कर ली। रविवार को उसकी बरात निकलने वाली थी। इससे पहले प्रेमिका ने प्रेमी के खिलाफ कैंपियरगंज थाने में दुष्कर्म का केस पंजीकृत कराकर पुलिस के साथ कथित प्रेमी के घर पहुंच गई। पूरा परिवार फरार हो गया।
काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट हुए हैं। पूरे मामले की जानकारी प्रेमिका ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया है। मामले में लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक 2014 में गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में निवास करने वाली एक युवती अपने प्रेम संबंध में फंसा लिया। युवती का आरोप है कि उसके प्रेमी ने उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
गोरखपुर में भी ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया गया। युवती ने बताया कि युवक के परिवार के सदस्यों को कई बार अपने संबंध की जानकारी दी। परिवार के लोग टालमटोल करते रहे। युवती से शादी करने से युवक ने इंकार कर दिया।
उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगा। युवक ने अपनी प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव में चुपके से अपनी शादी तय कर ली। रविवार को उसकी गांव से बरात जाने वाली थी। पीड़िता ने कैंपियरगंज थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया।
बरात निकलने के दिन रविवार को वह अपने परिवार के सदस्यों व पुलिस को लेकर आरोपित के घर आ धमकी। पूरा परिवार उसे देखकर फरार हो गया। परिवार के सदस्यों ने बताया शादी टाल दी गई है। एक युवक के गलत कार्य की बदौलत दो परिवार भुगत रहे हैं।
पूरे मामले की चर्चा समूचे मेंहदावल में हो रही है। देर शाम तक पीड़िता आरोपी के घर जमी हुई थी। घर पर सन्नाटा पसरा हुआ था। सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि इस मामले में कैंपियरगंज थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। मामला दूसरे थाने से जुड़ा होने के कारण मेंहदावल थाना सीधे तौर पर नहीं जुड़ा हुआ है। कैंपियरगंज पुलिस के सहयोग के लिए लोकल पुलिस को लगाया गया है।