बेलहर। क्षेत्र के गोपालपुर में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उक्त मामले की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोपालपुर निवासी मृतक बालिका के पिता विजय कुमार ने बताया कि बुधवार की देर शाम सोनम (12) अपनी चाची के साथ शौच के लिए बाहर गई थी। वापस आने के बाद सभी लोग खाना खाए। जिसके बाद ही उसे उल्टी होने लगी तथा मुंह से झाग निकलने लगा। आनन-फानन में परिजनों ने सोनम को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उक्त मामले की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालिका की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। माता अनीता रो-रो कर बेसुध हो जा रही थी। पांच बच्चों में सोमन सबसे बड़ी थी। इस संबंध में एसओ रजनीश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।