संतकबीरनगर। बखिरा पुलिस ने तंत्र-मंत्र के झांसे में लेकर रुपये व जेवरात ठगी करने के तीन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। गैंग का सरगना धर्मसिंहवा एवं उसके दो सदस्य बखिरा थाना क्षेत्र के खजुरी गांव के निवासी हैं।
एसओ बखिरा सतीश कुमार सिंह ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। सूचना मिली कि आरोपी मोहम्मद सफीक निवासी वार्ड नंबर 13 धर्मसिंहवा का सक्रिय गैंग है। जलालुद्दीन व जैनुल आब्दीन निवासी खजुरी थाना बखिरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। अभिलेखों में पाया गया कि जैनब निवासी खजुरी थाना बखिरा ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि उसके पति अजीज आलम पिछले कुछ दिनों से बीमार रहते हैं और बोल नहीं पा रहे हैं। काफी दुआ-दवा करने के बाद ठीक नहीं हो पा रहे थे। एक दिन उनके घर गांव के जलालुद्दीन तथा जैनुल आब्दीन आए। उनसे कहा कि वे मोहम्मद सफीक को जानते हैं। वह तंत्र-मंत्र के जानकार हैं। वे उसके पति को ठीक कर देगें।
उसको विश्वास में लेकर पिछले महीने तीनों लोग उसके घर आए और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक लाख छाछट हजार रुपये बैंक से निकलवाकर ले लिए। कहा कि घर में जो सोना-चांदी है, उस पर जिन्न है। जिन्न को भगाने के लिए तंत्र-मंत्र करना पड़ेगा। वह उनकी बातों में आ गई। आरोपियों ने घर में रखे जेवरात को मिट्टी के बर्तन में रखवाकर घर के अंदर मिट्टी में गड़वा दिया। दो दिन बाद घर के अंदर रखा सारा जेवरात निकलवाकर खेत में गड़वा दिया। खेत में गाड़कर घर आई। रात में तीनों लोग तंत्र-मंत्र कर रहे थे। मौका देखकर जेवरात निकालकर चले गए। काफी प्रयास के बाद तीनों लोग उसका सामान व पैसा वापस नहीं कर रहे हैं। बखिरा थाना में केस दर्ज किया गया था। उन आरोपियों के खिलाफ गैंग चार्ट तैयार करके डीएम कार्यालय अनुमोदन के लिए भेजा गया था। 29 नवंबर को अनुमोदन के के बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
संतकबीरनगर। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक बखिरा सतीश कुमार सिंह की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद व समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम से संबंधित वांछित आरोपी जलालुद्दीन व जैनुल आब्दीन उर्फ जैनुल निवासी खजुरी को उनके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ समस्त लिखापढ़ी की कार्रवाई पूरी करके संबंधित न्यायालय प्रस्तुत कर दिया। जहां से उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जेल रवाना कर दिया गया। संवाद