संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। गणेश उत्सव के बीच पंडालों और घरों में भक्ति का माहौल है। भाद्रपद चतुर्थी से शुरू हुए इस पर्व पर शहर से लेकर गांव तक गणेश जी की प्रतिमाएं जगह-जगह सजी हुई हैं। सामूहिक पाठ और भव्य महाआरती से हर ओर भक्ति की बयार बह रही है। इस उत्सव में बड़ी संख्या में महिलाएं भी भागीदार हैं। महिलाओं का कहना है कि गणेश जी की पूजा आराधना से परिवार और समाज में खुशहाली आती है।
गणेश की आराधना से मंगल कार्यों में बाधा पहुंचाने वाले विघ्न का नाश भी होता है। पंडित ज्वाला प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्येक मंगल कार्य की शुरूआत गणेश जी की पूजा आराधना से ही होता है ऐसा शास्त्रों में कहा गया है।
स्थानीय निवासी पूनम ने कहा कि हर साल गणेश चतुर्थी का बेसब्री से इंतजार रहता है। दुर्गा पूजा से पहले आने वाले इस उत्सव से ही माहौल भक्तिमय हो जाता है। पहले गांवों में गणेश जी की पूजा महिलाएं अपने घर पर ही करती थी। लेकिन अब मोहल्ले के लोग गणेश प्रतिमा की स्थापना कर सामूहिक रूप से पूजा पाठ करते हैं। जब से गणेश जी की पूजा का प्रचलन गांवों में बढ़ा है तब से इस महोत्सव का बेसब्री से इंतजार रहता है।