रेलवे ट्रैक पर मिला फर्नीचर युवक का शव
धनघटा। कोतवाली क्षेत्र के बरदहिया के पास रेलवे ट्रैक पर बृहस्पतिवार को युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शव के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान महुली क्षेत्र के भगवानपुर पूर्वी गांव निवासी 40 वर्षीय बाबूराम गौड़ के रूप में हुई।
चौकी इंचार्ज बरदहिया वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि महुली क्षेत्र के भगवानपुर पूर्वी (भग्गोभार) निवासी 40 वर्षीय बाबूराम जम्मू कश्मीर में फर्नीचर कारीगर थे। उनके परिजनों ने बताया कि 31 मार्च को वह घर आए थे। बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे के करीब बाबूराम घर पर अपना मोबाइल फोन छोड़कर बिना कुछ बताए ही निकल गए।
काफी देर तक जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इधर बरदहिया के पास गायत्री मंदिर के निकट रेलवे ट्रैक पर बाबूराम का शव मिला। प्रथम दृष्टया जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह ट्रेन की चपेट में आ गए, अथवा खुद ही ट्रेन के नीचे आ गए। ऐसी स्थिति में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पीड़ित परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था।