संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने निर्देश दिए कि व्यक्तिगत शौचालय के पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्रों का सत्यापन कराकर धन अवमुक्त किया जाए।
बैठक में डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी से विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में प्रगति व गुणवत्ता आदि से संबंधित बिंदुवार जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत शौचालय के पात्र लाभार्थियों के प्राप्त आवेदनों का समय से सत्यापन करवाकर धनराशि अवमुक्त कराई जाए, साथ ही यह भी निर्देशित किया कि जनपद में निर्मित आरआरसी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित कराया जाए।
समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देशित किया कि कोचरी, हैंसर बाजार में स्थापित प्लास्टिक प्रबंधन इकाई में विद्युत कनेक्शन लगवाए जाएं तथा दलेलगंज का संचालन नियमित कराया जाए। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए डीएम ने 15वें वित्त एवं राज्य वित्त आयोग की धनराशि का व्यय बढ़ाने तथा आवश्यक एवं तर्कसंगत मद में व्यय करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण पूर्ण कराया जाए तथा पंचायत भवन का निर्माण एवं वहां पर कर्मचारियों के नियमित रूप से उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके।